दिल्ली में ठंड से बचने जलाई अंगीठी और लकड़ी के धुएं से छह लोगों की दम घुटने से मौत

में-ठंड-से-बचने-जलाई-अंगीठी-और-लकड़ी-के.jpg

नई दिल्ली । दिल्ली में बीती रात दो स्थानों पर अंगीठी और लकड़ी के धुएं से छह लोगों का दम घुट गया। पहली घटना अलीपुर क्षेत्र स्थित खेड़ा खुर्द में हुई। यहां चार लोगों की अंगीठी के धुएं से दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। दूसरी घटना इंद्रपुरी थाना क्षेत्र में हुई। इसमें बुजुर्ग समेत दो लोगों की मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि रविवार सुबह सूचना मिली कि एक घर में चार शव पड़े हैं। जब पुलिस पहुंची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। किसी तरह अंदर दाखिल होने पर कमरे में एक जलती हुई अंगीठी मिली। परिवार ने ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाई थी ताकि कमरा गरम रहे।

इसके अलावा इंद्रपुरी थाना क्षेत्र में बुजुर्ग समेत दो लोगों की मौत हो गई। यह लोग रात को लोहड़ी मनाकर सोए थे। कमरा गरम रहे, इसके लिए उन्होंने सोने से पहले कमरे में लकड़ी जलाई थी। मृतकों की पहचान रामबहादुर और अभिषेक के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनोंं के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

पुलिस ने बताया कि यह लोग संजय शर्मा के यहां काम करते थे। अभिषेक उनकी कार चलाता था और रामबहादुर घरेलू नौकर था। दोनों घर के ऊपर बने कमरे में ही रहते थे। रविवार सुबह संजय ने दोनों को फोन किया, लेकिन किसी ने नहीं उठाया। तब उन्होंने ऊपर जाकर आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिला। वहां जाकर दरवाजा तोड़ा गया तो दोनों बेसुध पड़े थे। जांच के दौरान दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।

You may have missed