पाकिस्तान में ग्वादर बंदरगाह पर बलूच उग्रवादियों का हमला, सुरक्षा बलों ने सात हमलावर ढेर किए

में-ग्वादर-बंदरगाह-पर-बलूच-उग्रवादियों-का-हमला-सुरक्षा.jpg

कराची। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत स्थित ग्वादर बंदरगाह प्राधिकरण परिसर में बुधवार को बलूच उग्रवादियों ने हमला कर दिया। सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में बलूच उग्रवादियों के हमले को नाकाम करते हुए सात उग्रवादियों को ढेर कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि अलगाववादी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) बलूचिस्तान में चीन के निवेश का विरोध करता है, और चीन एवं पाकिस्तान पर संसाधन संपन्न प्रांत के शोषण का आरोप लगाता है। ग्वादर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जोहैब मोहसिन ने मीडिया को बताया कि सात हमलावर मारे गए। इससे पहले स्थानीय मीडिया की खबरों में कहा गया था कि सुरक्षा बलों के अभियान में आठ उग्रवादी मारे गए।

मकरान डिवीजन के आयुक्त सईद अहमद उमरानी ने कहा कि हमलावर ग्वादर बंदरगाह प्राधिकरण की इमारत में घुसने का प्रयास कर रहे थे। किसी सुरक्षाकर्मी या आम नागरिक के हताहत होने की सूचना नहीं है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा एवं संरक्षा विभाग ने कहा कि ग्वादर स्थित संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों के सात कर्मी सुरक्षित हैं। प्रतिबंधित बीएलए के माजिद ब्रिगेड ने हमले की जिम्मेदारी ली है। यह बीएलए का आत्मघाती दस्ता है जो मुख्यत: सुरक्षा बलों और चीनी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाता है। ईरान और अफगानिस्तान की सीमा से लगे बलूचिस्तान में लंबे समय से हिंसा छिड़ी है।

You may have missed